लखनऊ में बत्ती गुल तो बवाल शुरू! उपकेंद्र पर लोगों का हंगामा, ताला लगाकर भागे कर्मचारी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। रविवार रात कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने अपट्रॉन बिजली उपकेंद्र का घेराव कर जमकर हंगामा किया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने उपकेंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि अपट्रॉन उपकेंद्र के एलडीए फीडर में देर रात अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट होने से बड़े इलाके की बिजली गुल हो गई। परेशान लोगों ने पहले अधिकारियों और हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समाधान नहीं होने पर सैकड़ों लोग उपकेंद्र पहुंच गए। हंगामे के दौरान कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। बिजली विभाग के अनुसार रात करीब तीन बजे आपूर्ति बहाल की गई।
कई इलाकों में अंधेरा, हजारों लोग परेशान
बिजली संकट Lucknow के केवल एक इलाके तक सीमित नहीं रहा। आरडीएसओ उपकेंद्र बंद होने से विक्रमनगर, तेजीखेड़ा, लक्ष्मण विहार, सूर्य नगर और रेलवे कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। करीब 40 हजार लोगों को बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ा।
वहीं गोसाईगंज के मंगहुवा गांव में ट्रांसफॉर्मर फुंकने से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। माल क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से पास खड़ी एक बाइक जलकर राख हो गई। अमीनाबाद में बंदरों की उछलकूद से ट्रांसफॉर्मर ट्रिप हो गया, जबकि फैजुल्लागंज में धातुयुक्त पतंग के कारण बार-बार बिजली सप्लाई बाधित होती रही।
स्वास्थ्य सेवाएं भी इससे अछूती नहीं रहीं। गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में लगातार ट्रिपिंग के कारण कई मेडिकल उपकरण प्रभावित हुए, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
राहत की तैयारी, बनेंगे 10 नए बिजली उपकेंद्र
लगातार बढ़ते लोड और ओवरलोडिंग की समस्या को देखते हुए लेसा (LESA) ने 10 नए बिजली उपकेंद्र बनाने की योजना तैयार की है। प्रस्ताव जल्द मध्यांचल निगम को भेजा जाएगा। इन उपकेंद्रों के शुरू होने से सीतापुर रोड, कुर्सी रोड, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज, खदरा और इटौंजा समेत कई क्षेत्रों के करीब 10 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
Lucknow के किन क्षेत्रों में बनेंगे नए उपकेंद्र?
- न्यू विकासनगर – 20 MVA
- खदरा – 20 MVA
- जानकीपुरम विस्तार – 20 MVA
- अस्ती रोड – 20 MVA
- न्यू प्रियदर्शिनी – 20 MVA
- न्यू फैजुल्लागंज – 20 MVA
- न्यू इटौंजा – 20 MVA
- रैथा रोड – 20 MVA
- जीएसआई क्षेत्र – 20 MVA
- इंटीग्रल क्षेत्र – 10 MVA
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा अधिकांश उपकेंद्र अपनी क्षमता से अधिक लोड झेल रहे हैं। नए उपकेंद्र बनने के बाद ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती जैसी समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है।
Also Read: अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में MP से एक आरोपी गिरफ्तार

