Siddharthnagar News: गांव की समस्या, गांव में समाधान, दुल्हा सुमाली में डीएम की ग्राम चौपाल
Siddharthnagar News: विकास खंड बर्डपुर की ग्राम पंचायत दुल्हा सुमाली में शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन किया गया। गांव की समस्या, गांव में समाधान कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी ने सीधे ग्रामीणों से संवाद कर शासन की योजनाओं की समीक्षा की और मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।

वाइब्रेंट विलेज और सीमा सुरक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत भारत-नेपाल सीमा पर स्थित गांवों को सशक्त बनाया जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़कों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास प्राथमिकता पर है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र होने के नाते ग्रामीणों से अपील की कि वे तस्करी जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए जागरूक रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
प्रमुख निर्देश और घोषणाएं
स्वास्थ्य: पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि उन्हें 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सके।
कृषि: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो। सभी किसान अपनी ‘फार्मर रजिस्ट्री’ अनिवार्य रूप से कराएं।
पेंशन व बिल: वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लंबित मामलों को ब्लॉक स्तर के अधिकारी तुरंत सुलझाएं। बिजली विभाग की ‘एकमुश्त समाधान योजना’ का लाभ उठाकर बिल में छूट प्राप्त करें।
राजस्व: वरासत के मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो और भूमि विवाद के लिए प्रार्थना पत्र दें।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई। चौपाल में उपजिलाधिकारी (नौगढ़) कल्याण सिंह मौर्य, क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान और अन्य जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

ककरहवा बॉर्डर पर सुरक्षा हुई सख्त, आधुनिक CCTV कैमरों का उद्घाटन
Siddharthnagar News: देश की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के ककरहवा गेट पर आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और 43वीं वाहिनी एसएसबी (SSB) के कमांडेंट उज्ज्वल दत्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सीसीटीवी कैमरों, चेक पोस्ट पर स्थायी कमरे और शौचालय निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।

निगरानी के लिए 9 स्थानों पर आधुनिक कैमरे
जिलाधिकारी ने बताया कि ‘क्रिटिकल गैप्स योजना’ के अंतर्गत सीमा पर कुल 9 संवेदनशील स्थानों पर हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे 24×7 चेक पोस्ट पर आने-जाने वालों की निगरानी करेंगे, जिससे सीमा सुरक्षा और प्रभावी होगी।

SSB और प्रशासन का साझा प्रयास
कमांडेंट उज्ज्वल दत्ता ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से किए गए इन निर्माण कार्यों से जवानों को कार्य करने में सहूलियत होगी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कमल किशोर और एसएसबी के अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: प्रतापगढ़ में शोर पर लगाम की तैयारी, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश

