अखिलेश यादव का तीखा हमला, भाजपा और उसके साथियों को बताया देश विरोधी ताकतों का एजेंट

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान केंद्र सरकार और भाजपा पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने देशवासियों के नाम एक भावुक और कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा कि बंगाल में चुनाव के दौरान हुई महाधांधली और महाबेईमानी को देखकर स्पष्ट हो गया है कि अब लड़ाई सिर्फ चुनावी प्रक्रिया बचाने की नहीं, बल्कि देश के अस्तित्व को बचाने की है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश आज उन गलत हाथों में है जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और सामाजिक न्याय के कट्टर विरोधी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और उनके मुखबिर संगी-साथी आजादी से पहले भी देश के विरोध में थे और आज भी उनकी मानसिकता वैसी ही बनी हुई है।

सपा प्रमुख ने जनता के सामने कई गंभीर सवाल रखते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने भ्रष्टाचार, नोटबंदी और अर्थव्यवस्था के मुद्दों पर प्रहार करते हुए पूछा, कोविड के नाम पर जनता से जमा किए गए चंदे का हिसाब क्यों नहीं दिया जा रहा? देश की प्रगति की रूपरेखा तैयार करने वाले योजना आयोग को समाप्त कर विकास को क्यों रोका गया?

सरकारी स्कूलों को बंद कर आम जनता के बच्चों को अशिक्षित रखने की साजिश क्यों रची जा रही है? नोटबंदी और उलझाऊ जीएसटी के जरिए छोटे कारोबारियों और देश की अर्थव्यवस्था को क्यों चौपट किया गया? विश्वगुरु का दावा करने वाले लोग देश का पैसा लूटकर विदेश भागने वालों को वापस क्यों नहीं ला रहे हैं?

नई आजादी के लिए एकजुटता की अपील

अखिलेश यादव ने अंत में एक निर्णायक आह्वान करते हुए कहा कि अब वह समय आ गया है जब सभी को मिलकर इन नकारात्मक शक्तियों को हराना होगा। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और शोषित वर्ग के अधिकारों की रक्षा की बात दोहराते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए ‘नई आजादी’ का तिरंगा उठाना अनिवार्य हो गया है।

Also Read: Siddharthnagar News: गांव की समस्या, गांव में समाधान, दुल्हा सुमाली में डीएम की ग्राम चौपाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.