‘PM को छात्रों को माफ करने का अधिकार किसने दिया?’ शिक्षा और RSS को लेकर राहुल गांधी का हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत की शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। एमडीएमके (MDMK) नेता वाइको की पुस्तक ‘Vaiko in Parliament’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि देशभर के छात्र बेहतर शिक्षा और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग को लेकर सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय अलग संदेश दे रही है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने छात्रों को माफ करने की बात कही थी। राहुल ने कहा, “मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री को भारत के छात्रों को माफ करने का अधिकार किसने दिया। छात्रों को माफी नहीं, निष्पक्ष परीक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था चाहिए।”
RSS पर इतिहास और भाषाओं को लेकर साधा निशाना
राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर आरोप लगाया कि वह भारत की विविध भाषाओं, संस्कृतियों और इतिहास को एकरूपता में ढालने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अनेक संस्कृतियों और भाषाओं वाला देश है और हर राज्य को अपनी भाषा, संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान बनाए रखने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग तमिल, मराठी, बंगाली, मलयालम समेत अन्य भारतीय भाषाओं और संस्कृतियों के महत्व को नहीं समझते और केवल उसी इतिहास को सही मानते हैं, जिसे RSS स्वीकार करता है। राहुल ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता है और इसे बदला नहीं जा सकता।
Rahul Gandhi ने कहा कि आज छात्र सिर्फ शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग नहीं कर रहे, बल्कि भारत की विविध संस्कृति, भाषाओं और इतिहास की रक्षा के लिए भी आवाज उठा रहे हैं। उनके मुताबिक, RSS भारत का इतिहास नहीं बदल सकता और देश अपनी ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत से कोई समझौता नहीं करेगा।
पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर घमासान
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का यह बयान ऐसे समय आया है, जब शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक टकराव जारी है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो में जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान छात्रों द्वारा इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा को लेकर उन्हें माफ करने की बात कही थी।
इसी बयान को आधार बनाकर विपक्ष लगातार सरकार से सवाल पूछ रहा है और पेपर लीक व छात्रों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों पर जवाब मांग रहा है।
Also Read: बिना बेईमानी मैदान में उतरे तो हार गए, उपचुनाव में BJP की हार पर अखिलेश का तंज

