लखनऊ के कृष्णानगर में महिला की सिर कूचकर हत्या, 24 घंटे में दूसरी वारदात से दहशत
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कृष्णानगर स्थित मानसरोवर मार्केट के एक बरामदे में मंगलवार सुबह करीब 30 वर्षीया महिला की सिर कूचकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। राजधानी में महज 24 घंटे के भीतर मर्डर की यह दूसरी और पिछले चार दिनों में तीसरी बड़ी वारदात है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
कृष्णानगर पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान लगभग 30 वर्षीय राधा के रूप में हुई है, जो घुमंतू किस्म की महिला थी। स्थानीय पूछताछ में पता चला है कि वह भोला नाम के एक व्यक्ति के साथ सड़क किनारे ही रहती थी। वारदात के बाद से भोला रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है, जिसके बाद उस पर शक गहरा गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
24 घंटे में दो हत्याएं, 4 दिन में तीसरी वारदात
कृष्णानगर क्षेत्र में इससे पहले सोमवार को भी एक युवक का गला रेता हुआ शव मौरंग के ढेर पर मिला था। वहीं बीते शनिवार को मड़ियांव इलाके में रॉन्ग साइड से आ रहे ठेले वाले ने टोकने पर नगर निगम के रिटायर्ड बुजुर्ग कर्मचारी की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि मृतका के सिर पर किसी भारी चीज से चोट पहुंचाए जाने के गंभीर निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और संदिग्ध साथी भोला की तलाश के साथ-साथ सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।
Also Read: सलमान खान की पोस्ट ने फैंस को किया कन्फ्यूज, गणपति दर्शन के बाद शेयर की ये रील

