‘आप हमेशा याद किए जाएंगे’, सुशांत सिंह राजपूत की डेथ एनिवर्सरी पर बहन श्वेता सिंह कीर्ति हुईं भावुक, शेयर किया इमोशनल नोट

Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर आज, 14 जून को, उन्हें याद करते हुए उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति भावुक हो उठीं।

सुशांत के निधन को छह साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर श्वेता ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा कर अपने भाई की यादों को ताजा किया।

श्वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर सुशांत की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें एक एआई-जनरेटेड तस्वीर भी शामिल है, जिसमें सुशांत भगवान राम के रूप में नजर आ रहे हैं।

इसके अलावा एक तस्वीर में श्वेता खुद अपने भाई के साथ दिखाई दे रही हैं। तस्वीरों के साथ श्वेता ने एक लंबा और भावुक संदेश भी लिखा।

पोस्ट के कैप्शन में श्वेता ने लिखा, “6 साल… समय बीत गया है, लेकिन कुछ लोग समय के साथ और भी बड़े हो जाते हैं। आज जब मैं भैया को याद करती हूं, तो उनके जाने के बारे में नहीं, बल्कि इस बारे में सोचती हूं कि उन्होंने अपनी जिंदगी कैसे जी।”

Sushant Singh Rajput

उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें सुशांत की बच्चों जैसी जिज्ञासा, जीवन, सितारों, ब्रह्मांड और इंसानी दिमाग के रहस्यों को समझने की उनकी चाह हमेशा याद आती है।

श्वेता ने कहा कि सुशांत का दिल ऐसा था, जो हर इंसान के साथ सम्मान से पेश आता था और उन्होंने सिखाया कि दया और इंसानियत के बिना सफलता का कोई अर्थ नहीं है।

अपने संदेश में श्वेता ने यह भी लिखा कि प्यार समय की सीमाओं में नहीं बंधता। कोई इंसान भले ही नजरों से दूर हो जाए, लेकिन उसकी सोच, उसके संस्कार और उसका प्रभाव लोगों की जिंदगी में हमेशा बना रहता है।

पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “किसी इंसान की जिंदगी को उसकी उम्र से नहीं, बल्कि इस बात से आंका जाना चाहिए कि उसने कितने लोगों को प्रेरित किया। आप हमेशा याद किए जाएंगे।”

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके आवास पर हुआ था। उनकी असमय मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया था और आज भी उनके प्रशंसक उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Also Read: ‘मुझे बेरहमी से पीटा गया…’, प्लास्टिक पाइप से हमला, गला दबाने की कोशिश, बांग्लादेशी क्रिकेटर का सनसनीखेज आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.