नूंह में हादसा: दबिश देने गई उरई पुलिस टीम की पलटी गाड़ी, 4 पुलिसकर्मियों और वादी की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के नूंह जनपद में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के जालौन (कोतवाली उरई) की पुलिस टीम के चार जांबाज जवानों और एक वादी की असमय मृत्यु हो गई। यह पुलिस टीम उरई में दर्ज एक अपहरण के मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए हरियाणा गई हुई थी।
ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे केएमपी एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास पुलिस की स्कॉर्पियो गाड़ी किसी वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे वाहन से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में इन्होंने गंवाई जान
इस हृदयविदारक दुर्घटना में उत्तर प्रदेश पुलिस के निम्नलिखित अधिकारियों और कर्मियों ने कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति दी।
उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह
उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव
आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल)
आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई)
अमरीक सिंह (मुकदमे के वादी, निवासी संगरूर, पंजाब)
विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर
जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उरई कोतवाली की टीम दबिश के सिलसिले में हरियाणा गई थी, जहां यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जालौन और उरई क्षेत्र में मातम पसर गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मदद और जांच जारी
क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। नूंह पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है। शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और पूरे पुलिस महकमे में अपनी टीम के साथियों को खोने का गहरा दुख है।
Also Read: बंगाल में ‘कमल’ खिलते ही भड़का विपक्ष, राहुल-अखिलेश और केजरीवाल ने क्या कुछ कहा?

