’10 लाख लोग कहां थे, हमें दिखाइए…’, INDIA ब्लॉक की रैली पर संबित पात्रा का हमला, दिखाई खाली कुर्सी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में INDIA ब्लॉक की महारैली के बाद BJP ने कांग्रेस के भीड़ जुटाने के दावे पर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी सांसद संबित पात्रा (Sambit Patra) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रैली के वीडियो और तस्वीरें दिखाते हुए पूछा कि कांग्रेस के 10 लाख लोगों के जुटने का दावा आखिर कहां गया? उन्होंने कहा कि मैदान की तस्वीरें नेताओं के दावों से अलग कहानी बयां कर रही हैं।
संबित पात्रा के मुताबिक, रामलीला मैदान करीब 10 से 12 एकड़ में फैला है। इसमें लगभग 15 फीसदी हिस्सा मंच और उसके आगे बने डी एरिया में इस्तेमाल हुआ था, जबकि करीब 40 फीसदी हिस्सा खाली दिखाई दे रहा था। उन्होंने दावा किया कि मैदान में 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से 5 से 7 हजार खाली थीं। पात्रा ने बताया कि बीजेपी की ओर से दिखाया गया वीडियो दोपहर करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच का है। उनके मुताबिक, आगे की तरफ लोग मौजूद थे, लेकिन पीछे और बीच के हिस्से में काफी जगह खाली थी।
‘कहां थे 10 लाख लोग, हमें दिखाइए’
संबित पात्रा (Sambit Patra) ने कांग्रेस नेताओं केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा के बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर 10 लाख लोग आने वाले थे, तो वे मैदान में दिखाई क्यों नहीं दिए? पात्रा ने कांग्रेस के ‘वोट काट दिए गए’ वाले आरोप पर भी तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को यह देखना चाहिए कि कितने लोग रैली में नहीं पहुंचे और कितने दूसरी जगह चले गए।
राहुल गांधी की खरीदारी वाली अपील पर भी तंज
रैली से पहले राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने दिल्ली आने वाले लोगों से प्रदर्शन के साथ स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की थी। इस पर संबित पात्रा ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या किसी ने राहुल गांधी को चांदनी चौक में खरीदारी करते देखा है? उन्होंने राहुल के पासपोर्ट पर वियतनाम और थाईलैंड के स्टांप का जिक्र किया और दावा किया कि राहुल शाम की फ्लाइट लेकर खरीदारी के लिए कहीं और चले जाएंगे।
पात्रा ने कांग्रेस पर ट्रिक फोटोग्राफी के जरिए रैली में बड़ी भीड़ दिखाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि तस्वीरों में भीड़ का बड़ा हिस्सा दिखाया जाता है, जबकि पूरे मैदान की तस्वीर देखने पर स्थिति अलग नजर आती है।
अमित शाह और नितिन नवीन ने भी साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें प्रधानमंत्री बनना है तो वे पूरी जिंदगी ‘मॉक पार्लियामेंट’ में ही बने रहें, असली संसद में उनका नंबर कभी नहीं आएगा।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दिल्ली और हरियाणा में, अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश में, आरजेडी को बिहार में और तृणमूल कांग्रेस को पश्चिम बंगाल में हार मिली है। उनके मुताबिक, विपक्षी नेता निराशा में देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।

