CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस की बड़ी डिजिटल स्ट्राइक, पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहे 480 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा सुरक्षा खुलासा किया है। पुलिस ने समन्वित तरीके से भ्रामक खबरें और दुष्प्रचार फैला रहे 480 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने युवाओं और छात्रों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे विदेशी और संदिग्ध अकाउंट्स द्वारा फैलाए जा रहे एडिटेड वीडियो व झूठी खबरों से सतर्क रहें और केवल प्रामाणिक स्रोतों पर ही विश्वास करें।

दिल्ली पुलिस ने एक आधिकारिक वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर जारी NEET पेपर लीक विरोध-प्रदर्शन का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। जांच में सामने आया कि लगभग 400 से ज्यादा पाकिस्तानी अकाउंट्स भारत में अफवाहें और फर्जी कंटेंट फैलाने में सक्रिय थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये वही सोशल मीडिया हैंडल हैं जो इससे पूर्व ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत विरोधी प्रोपेगैंडा चलाने के लिए इस्तेमाल किए गए थे।

छात्रों का ध्यान भटकाने और भड़काने की बड़ी साजिश

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इन पाकिस्तानी हैंडल्स का मुख्य मकसद भारत के छात्रों को गुमराह करना और विरोध प्रदर्शनों की आड़ में जनता को भड़काना था। पुलिस ने छात्रों से अपील करते हुए कहा, बच्चों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए यह बेहद जरूरी है कि किसी भी अनजान हैंडल, एडिटेड वीडियो या फेक पोस्ट के बहकावे में न आएं। किसी भी भड़काऊ सामग्री को बिना जांचे-परखे सोशल मीडिया पर शेयर न करें।

इस बीच, भारत में जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक टिप्पणी करने से मना कर दिया है। प्रेस वार्ता के दौरान जब पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी से भारत के घटनाक्रम और मानवाधिकारों से जुड़ा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह भारत का पूरी तरह से आंतरिक मामला है और वे ऐसे विषयों पर बयानबाज़ी नहीं करते हैं।

Also Read: आज हमें किया जा सकता है गिरफ्तार, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का दावा, समर्थकों से की ये अपील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.