EPF पर फिर मिलेगा 8.25% ब्याज, सरकार ने लगाई मुहर, जानिए कब आएगा पैसा?
EPF Interest Rate: देश के करोड़ों EPF खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। मंजूरी मिलने के बाद अब कर्मचारियों के खातों में ब्याज राशि जमा होने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, वित्त मंत्रालय ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद EPFO इसी महीने करोड़ों खाताधारकों के खातों में ब्याज राशि ट्रांसफर कर सकता है।
EPFO हर साल ब्याज दर का प्रस्ताव तय करता है, लेकिन खातों में ब्याज जमा करने से पहले वित्त मंत्रालय की औपचारिक मंजूरी जरूरी होती है। सरकार EPF जमा राशि की गारंटी देती है, इसलिए अंतिम निर्णय मंत्रालय की स्वीकृति के बाद ही लागू होता है।
मार्च 2026 में केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में हुई CBT बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को बरकरार रखने का फैसला लिया गया था। इसके बाद प्रस्ताव मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय को भेजा गया था।
लगातार तीसरे साल नहीं बदली ब्याज दर
EPFO ने लगातार तीसरे वित्त वर्ष के लिए ब्याज दर को 8.25 प्रतिशत पर बनाए रखा है। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में भी यही दर लागू थी।
हाल के वर्षों में EPF ब्याज दर का रिकॉर्ड इस प्रकार रहा है:
- 2025-26 : 8.25%
- 2024-25 : 8.25%
- 2023-24 : 8.25%
- 2022-23 : 8.15%
- 2021-22 : 8.10%
- 2020-21 : 8.50%
मार्च 2022 में ब्याज दर घटाकर 8.10 प्रतिशत कर दी गई थी, जो चार दशक से अधिक समय का सबसे निचला स्तर माना गया था।
कब तक खाते में आएगा ब्याज?
मंजूरी मिलने के बाद अब EPFO की ओर से ब्याज गणना और क्रेडिट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। श्रम मंत्रालय के निर्देश मिलने के बाद जून 2026 के दौरान ही करोड़ों कर्मचारियों के खातों में ब्याज राशि जमा होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, ब्याज क्रेडिट की सटीक तारीख को लेकर EPFO की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Also Read: FD से ज्यादा कमाई! सरकार की 5 स्कीम्स में मिल रहा 8.2% तक ब्याज, पैसा भी रहेगा सुरक्षित

