अमित शाह के अंगद वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, बोले- जब जमीन ही नहीं बची तो पैर कहां रखेंगे
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की वोट चोरी के खिलाफ आयोजित विशाल महारैली को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गृहमंत्री अमित शाह के अंगद का पैर वाले बयान पर तीखा पलटवार किया। सपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग ऐसी बातें करते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि जब जनता के बीच उनकी जमीन ही नहीं बची है तो वे पैर कहां जमाएंगे। अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग को आड़े हाथों लेते हुए एक करोड़ से ज्यादा हिंदू वोटरों के नाम काटने का गंभीर आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का ही दावा था कि 1 लाख 27 हजार हिंदू भाइयों के वोट काटे गए हैं, यानी औसतन हर विधानसभा में 31 हजार वोट कम हुए हैं। उन्होंने तंज कसा कि दरअसल यह सब चुनाव में मिलने वाली हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ने की नाकाम कोशिश है। अखिलेश ने हुंकार भरते हुए कहा कि जिस यूपी के रास्ते भाजपा सत्ता में आई थी, वही उत्तर प्रदेश इस बार उन्हें विदा करके बाहर का रास्ता दिखाएगा।
काशी की जनता ने दिया डबल इंजन को डबल जीरो
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए बड़े पैमाने पर वोटों की चोरी की गई। उन्होंने कहा कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार न बन पाने की असली वजह यही धांधली थी। भाजपा के ‘विश्वगुरु’ वाले नारे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो विश्वगुरु बनने का दावा करते हैं, वे असल में मतदाता सूची से वोट चुराने का काम कर रहे हैं।
बिना नाम लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि काशी की जनता ने तथाकथित डबल इंजन की सरकार को डबल जीरो थमा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चंडीगढ़ जैसी चालें चलकर रात-रात भर काउंटिंग कराती रही, लेकिन फिर भी जनता के आगे सफल नहीं हो सकी। सपा प्रमुख ने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी करार देते हुए कहा कि यहां से देश में नए परिवर्तन का इतिहास लिखा जा रहा है और आने वाली पीढ़ी इस अन्याय का हिसाब जरूर लेगी।
Also Read: EVM और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, राहुल गांधी बोले- मुख्य चुनाव आयुक्त जाएंगे जेल

