मेघालय में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी भाजपा, UDP के 8 विधायक आए साथ

Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्वोत्तर के राज्य मेघालय की राजनीति में बुधवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 12 में से 8 विधायकों ने एक साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। इस नए राजनीतिक घटनाक्रम के साथ मेघालय विधानसभा में बीजेपी के विधायकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जिससे वह सत्तारूढ़ नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) के बाद राज्य की दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बन गई है।

केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में ली सदस्यता

नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन सभी आठों विधायकों ने आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा सांसद संबित पात्रा, मेघालय भाजपा अध्यक्ष और राज्य प्रभारी अनिल एंटनी विशेष रूप से मौजूद रहे। बीजेपी में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में पूर्व मंत्री लखमेन रिम्बुई और विधायक किर्मेन श्यल्ला समेत पियस मारवेन, मायरालबोर्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलन सिंह सुइन, बालाजीद कुपर सिनरेम और सिनशर लिंगदोह थबाह शामिल हैं।

अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया फैसला

खबरों के मुताबिक, बीजेपी में शामिल होने से पहले इन सभी विधायकों ने खलीहियात से विधायक किर्मेन श्यल्ला के नेतृत्व में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की थी। इससे पहले 12 सितंबर को यूडीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉ. जेमिनो मावथोह भी बीजेपी में शामिल हुए थे, जिसके बाद से ही यूडीपी में बड़ी टूट के संकेत मिलने लगे थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि यह न केवल मेघालय बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत की राजनीति के लिए एक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल यूडीपी से जुड़े ये सभी प्रतिनिधि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेघालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र में हुए तेज विकास और भाजपा की जन-कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं।

Also Read: Lucknow News: कर्मचारी आंदोलन के वरिष्ठ नेता नरेंद्र प्रताप सिंह का निधन, संगठनों में शोक की लहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.