UP News: सपा ने EC को भेजा ‘कफन’, अखिलेश यादव बोले- मर चुका है चुनाव आयोग

Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग संपन्न हो चुकी है। आठ फरवरी यानि शनिवार को रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। इस बीच समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह कहा कि चुनाव आयोग मर चुका है। हमें सफेद कपड़ा भेंट करना पड़ेगा। इसके बाद समाजवादी पार्टी के सांसदों की तरफ से एक ‘सफेद कपड़ा’ जिसपर चुनाव आयोग लिखा था, को पकड़कर फोटो खिंचाते नजर आए।

दरअसल अखिलेश यादव ने इससे पहले मतदान वाले दिन मिल्कीपुर में फर्जी वोटिंग और बूथ से पोलिंग एजेंट को बाहर निकाले जाने का आरोप लगाया था। इसको लेकर सपा का पांच सदस्यीय एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में चुनाव आयोग से मिला था।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने और उपचुनाव में धांधली करने का आरोप लगाए थे। उन्होंने निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की भी मांग की थी।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा कि  बीजेपी ने मिल्कीपुर में बेईमानी के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। बीजेपी ने मिल्कीपुर उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए अराजकता की। पुलिस-प्रशासन का उन्हें खुला संरक्षण मिला। पुलिस-प्रशासन ने बीजेपी को खुली छूट देकर चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन किया।

गौरतलब है कि मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ था। यहां बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधी टक्कर है। समाजवादी पार्टी से सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद और बीजेपी उम्मीदवार चंद्रभान पासवान के बीच सीधी टक्कर है।

Also Read: Lucknow News: शातिर महिला वकील ने अधिकारियों को फंसाकर ठगे करोड़ों रुपये, मुकदमा दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.