UP News: रायबरेली में दरोगा से हाथापाई, फूंकी डायल 112, दबंग का पुलिस पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमरी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक से मारपीट के बाद उपद्रवी ने पुलिस वाहन में आग लगा दी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
विवाद के बाद हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरी गांव निवासी मोहन रैदास का मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गांव के ही रामकिशोर से रास्ते पर ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर रामकिशोर ने मोहन पर हमला कर दिया, जिससे मोहन के हाथों में गंभीर चोटें आईं। घायल मोहन को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस पर हमला और आगजनी
घटना की सूचना पाकर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपित ने धारदार हथियार लेकर पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। इस पर पुलिसकर्मियों ने स्थिति को देखते हुए मिल एरिया थाने और अमावां चौकी को सूचना दी। चौकी प्रभारी शुभम शर्मा अपने दल-बल के साथ गांव पहुंचे और आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने दोबारा हथियार लेकर पुलिस पर हमला कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी पीछे हटे, इसी बीच आरोपित रामकिशोर ने पेट्रोल डालकर दारोगा की बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी, जिससे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाने से बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मिल एरिया थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम गांव गई थी, जहां आरोपित ने दारोगा की बाइक जला दी। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Unnao News: सड़क हादसे में दो बच्चों समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

