Michael Mann Firing: गन होल्स्टर में रखते समय चली गोली, हॉलीवुड निर्देशक माइकल मान घायल

Michael Mann Firing: ‘हीट’ और ‘कोलैटरल’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक माइकल मान एक हादसे में घायल हो गए।

83 वर्षीय हॉलीवुड निर्देशक को अमेरिका के लॉस एंजेलिस की एक शूटिंग रेंज में पैर में गोली लग गई।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब चार बजे बंदूक को होल्स्टर में रखते समय अचानक गोली चल गई। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

बंदूक रखते समय हुआ हादसा

रिपोर्ट के मुताबिक, माइकल मान के प्रतिनिधियों ने बयान जारी कर बताया कि शूटिंग रेंज में बंदूक होल्स्टर में रखते समय अचानक गोली चल गई, जिससे उन्हें मामूली चोट आई।

उनका इलाज किया गया और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग ने भी घटना में निर्देशक के घायल होने की पुष्टि की।

‘हीट 2’ पर काम कर रहे हैं माइकल मान

माइकल मान अपने करियर में ‘थीफ’, ‘मैनहंटर’, ‘द इनसाइडर’, ‘कोलैटरल’ और ‘हीट’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

उनकी पिछली निर्देशित फिल्म ‘फेरारी’ 2023 में रिलीज हुई थी, जिसमें एडम ड्राइवर और पेनेलोप क्रूज नजर आए थे।

फिलहाल माइकल मान अपनी चर्चित फिल्म ‘हीट’ के सीक्वल ‘हीट 2’ पर काम कर रहे हैं। यह फिल्म उनके और मेग गार्डिनर के 2022 में प्रकाशित इसी नाम के उपन्यास पर आधारित होगी।

1995 में रिलीज हुई ‘हीट’ में अल पचीनो और रॉबर्ट डी नीरो ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।

Also Read: TV Actor Anuj Thakur Death: सोते-सोते दौरा पड़ने से एक्टर अनुज ठाकुर का निधन, परिवार ने की प्राइवेसी की अपील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.