क्या अमिताभ बच्चन लेने वाले हैं एक्टिंग और KBC से रिटायरमेंट? बिग बी के ट्वीट से मचा हड़कंप!

Sandesh Wahak Digital Desk: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर हमेशा एक्टिव रहते हैं और उनकी हर पोस्ट मिनटों में वायरल हो जाती है। हाल ही में उनका एक ट्वीट चर्चा का विषय बन गया, जिसमें उन्होंने लिखा- “टाइम टू गो…”। इस पोस्ट को देखकर फैंस में हलचल मच गई और अटकलें लगाई जाने लगीं कि क्या अमिताभ बच्चन अब ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) और फिल्मों से रिटायरमेंट लेने वाले हैं? इस ट्वीट के बाद बिग बी के प्रशंसकों में बेचैनी बढ़ गई और सोशल मीडिया पर उनसे सवालों की झड़ी लग गई।

KBC के सेट पर हुआ खुलासा

जब अमिताभ बच्चन ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर पहुंचे तो वहां मौजूद ऑडियंस ने उनसे इस ट्वीट की वजह पूछी। बिग बी ने पहले तो हल्के अंदाज में जवाब दिया, लेकिन जब दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी तो उन्होंने सस्पेंस से पर्दा उठाया। उन्होंने हंसते हुए कहा, “हां, टाइम टू गो… इसमें कुछ गड़बड़ी है क्या?”

इसके बाद उन्होंने बताया कि यह पोस्ट दरअसल अधूरी रह गई थी। उन्होंने कहा, “असल में मैं यह लिखना चाहता था कि अब काम से घर जाने का समय हो गया है, लेकिन रात को देर तक शूटिंग के कारण नींद आ गई और ट्वीट वहीं रुक गया।” बिग बी ने यह भी मजाक में कहा, “भाई साहब, हमको काम पर जाने का समय आ गया था, ग़ज़ब बात करते हो यार!”

फैंस को मिली राहत

बिग बी के इस जवाब के बाद सेट पर मौजूद सभी लोग हंसने लगे और फैंस की चिंता भी खत्म हो गई। इससे यह साफ हो गया कि अमिताभ बच्चन न तो अभी एक्टिंग से संन्यास लेने वाले हैं और न ही ‘कौन बनेगा करोड़पति’ छोड़ रहे हैं। उनकी यह पोस्ट केवल एक मजेदार संयोग था, जिसने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया था।

अब यह स्पष्ट हो गया है कि बिग बी फिलहाल अपने काम में व्यस्त हैं और जल्द ही उनकी कई बड़ी फिल्में भी आने वाली हैं।

Also Read: Sikandar: खत्म हुआ इंतजार! सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ का टीजर रिलीज, ईद पर मचेगा धमाका !

Get real time updates directly on you device, subscribe now.