TV Actor Anuj Thakur Death: सोते-सोते दौरा पड़ने से एक्टर अनुज ठाकुर का निधन, परिवार ने की प्राइवेसी की अपील

Mumbai News: टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि 27 अक्टूबर को मुंबई के ओशिवारा स्थित अपने घर में सोते समय उन्हें दौरा पड़ा, जिसके बाद उनकी जान चली गई।

उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने इस खबर की पुष्टि की है। अनुज के अचानक निधन से परिवार और टीवी इंडस्ट्री में शोक है।

रूपेश सोनार ने इंडिया टुडे/आज तक को बताया कि अनुज का परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और उसने निजता बनाए रखने की अपील की है।

रूपेश के मुताबिक, सुबह अनुज का अलार्म बजा तो उनकी मां उन्हें देखने कमरे में गईं। उस समय तक उनका निधन हो चुका था। परिवार ने आशंका जताई कि नींद में दौरा पड़ने के कारण उनकी मौत हुई।

रूपेश ने बताया कि इस साल की शुरुआत में भी अनुज को दौरा पड़ा था और वह इसके लिए दवाइयां ले रहे थे।

निधन से करीब 10 दिन पहले ही उनकी अनुज से मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि दोस्त के जाने की खबर पर अब भी यकीन करना मुश्किल हो रहा है।

हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

रूपेश सोनार के अनुसार, अनुज का परिवार अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपने दोस्त को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की।

रूपेश ने अनुज को छोटे भाई जैसा बताते हुए लिखा कि दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट्स की योजना बनाई थी। उन्होंने अनुज के संघर्ष और करियर के शुरुआती दिनों को भी याद किया।

इन टीवी शोज में किया था काम

अनुज ठाकुर ने ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन सात जन्मों का’ और ‘महिसागर’ जैसे टीवी शोज में काम किया था। उनके निधन की खबर से प्रशंसक और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Also Read: King Song Tu Mil Jaaye Review: शाहरुख-दीपिका की केमिस्ट्री में नहीं दिखा नया अंदाज, अरिजीत-एड शीरन की आवाज भी नहीं छोड़ पाई खास छाप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.