अल्लू अर्जुन के साथ 600 करोड़ की महाकाय फिल्म बनाएंगे एटली, सलमान खान हुए बाहर
Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक एटली अपनी अगली फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं। पहले खबरें थीं कि वह इस प्रोजेक्ट में सलमान खान को कास्ट करने वाले थे, लेकिन अब ताजा अपडेट के अनुसार सलमान इस फिल्म से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अब साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को इस बड़े बजट की फिल्म के लिए चुना गया है।
अप्रैल-मई में शुरू होगी शूटिंग

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल्लू अर्जुन ने इस फिल्म के लिए हामी भर दी है और जल्द ही शूटिंग शुरू करने की योजना है। यह फिल्म 2025 में रिलीज होने की संभावना है। लोकप्रिय तमिल प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स इस मेगा प्रोजेक्ट में भारी निवेश कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म पुनर्जन्म की कहानी पर आधारित होगी और इसे एक बड़े पीरियड ड्रामा के रूप में पेश किया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि एटली पहली बार इस तरह की फिल्म बना रहे हैं, जो ऐतिहासिक और फैंटेसी एलिमेंट्स से भरपूर होगी।
फिल्म में होंगे दो हीरो, अल्लू अर्जुन के साथ कौन होगा दूसरा एक्टर?

इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के अलावा एक और बड़ा सुपरस्टार नजर आएगा। हालांकि, इस दूसरे लीड एक्टर का नाम अभी सामने नहीं आया है। चर्चा है कि कमल हासन और रजनीकांत भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ सकते हैं, जिससे यह फिल्म और भी भव्य बन सकती है।
बता दे, यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे महंगी फिल्मों में से एक होगी। इसका अनुमानित बजट 600 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। इसमें अल्लू अर्जुन और एटली की फीस भी शामिल होगी।
सलमान खान को क्यों किया गया फिल्म से बाहर?

पहले इस प्रोजेक्ट के लिए सलमान खान को कास्ट किया गया था, लेकिन उनकी पिछली कुछ फिल्मों के बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन के कारण निर्माताओं ने उन पर दांव लगाने से इनकार कर दिया। वहीं, ‘पुष्पा 2’ जैसी ब्लॉकबस्टर देने के बाद अल्लू अर्जुन की इंडस्ट्री में जबरदस्त मांग बढ़ गई है, इसलिए उन्हें इस फिल्म में साइन किया गया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म किस स्तर तक धमाल मचाती है और कौन होगा अल्लू अर्जुन का सह-कलाकार!

