UP News: पावर कॉर्पोरेशन की समीक्षा बैठक, दो इंजीनियर निलंबित, 12 अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस

Sandesh Wahak Digital Desk: पावर कॉर्पोरेशन की समीक्षा बैठक में ट्रांसफार्मर की लगातार बढ़ती क्षतिग्रस्तता का मामला प्रमुख रहा। बैठक में उन्नाव के अधीक्षण अभियंता (एसई) स्वदेश चौधरी और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) हेमेंद्र सिंह को निलंबित किया गया। इसके अलावा 12 अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सभी प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिया कि 100 किलोवाट से अधिक के ट्रांसफार्मर जहां भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां के अधिशासी अभियंता, एसडीओ एवं अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए।

इसके अलावा, आगरा प्रथम, आगरा द्वितीय और खैरगढ़ के अधिशासी अभियंताओं को स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया गया। फिरोजाबाद के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता को भी आरोप पत्र देने के निर्देश दिए गए।

कई अभियंताओं से मांगा गया स्पष्टीकरण

आगरा के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी को राजस्व संग्रह में पिछड़ने के कारण आरोप पत्र जारी किया गया। गाजियाबाद (द्वितीय) के मुख्य अभियंता नरेश भारती और गजरौला के मुख्य अभियंता राजेश कुमार को बिना तैयारी बैठक में आने पर स्पष्टीकरण मांगा गया।

इसके साथ ही बुलंदशहर, रायबरेली, अयोध्या, और देवी पाटन के मुख्य अभियंताओं को अपने कार्यक्षेत्र में सुधार के लिए चेतावनी पत्र जारी किया गया। सभी अभियंताओं को सुधार के लिए किए गए प्रयासों पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया।

पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने यह भी कहा कि जिस इलाके में ट्रांसफार्मर ज्यादा जल रहे हैं, वहां के अभियंताओं की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गर्मी के सीजन में ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं को रोकने के लिए अब से ही सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

अध्यक्ष ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया कि सभी ट्रांसफार्मर की शत-प्रतिशत जांच की जाए, ताकि किसी भी ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त होने से रोका जा सके। इसके साथ ही, 50 हजार रुपये से ऊपर के सभी बिलों पर अधिशासी अभियंता के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से होने चाहिए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.