बागपत में ऑनर किलिंग: प्रेमी युगल की फंदे से लटकाकर हत्या, परिजन फरार
Sandesh Wahak Digital Desk: बागपत जिले के जोनमाना गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लड़की के परिजनों ने प्रेमी युगल को फांसी लगाकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मृतक लड़के के परिजनों ने लड़की के घरवालों पर बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार ये घटना रविवार सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। मृतक बलराम (19) पुत्र राजेश्वर बीए का छात्र था, जबकि 17 वर्षीय मृतका कक्षा 12 की छात्रा थी। दोनों के घर पास-पास थे और काफी समय से उनके प्रेम संबंधों की गांव में चर्चा थी।
मृतक बलराम के परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़की के घरवालों ने उसे बहाने से घर बुलाया और गला घोंटकर हत्या कर दी। वहीं, गांव में यह चर्चा है कि लड़की के परिजनों ने प्रेमी युगल को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद गुस्से में आकर उनकी हत्या कर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, लड़की के पिता को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य परिजन घर का सामान समेटकर फरार हो चुके हैं।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Agra News: दो भाइयों पर चाकुओं से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

