यूपी में प्रचंड गर्मी का प्रकोप, प्रयागराज 44.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म, लू का अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह के पहले ही दिन सोमवार को प्रदेश के कई शहर भीषण गर्मी की चपेट में रहे। इस सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों का हाल बेहाल हो गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गर्मी से कोई राहत न मिलने की बात कही है और मंगलवार के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है।

सोमवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद वाराणसी (बीएचयू) और हमीरपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। झांसी में 43.1 डिग्री, चुर्क में 42.8 डिग्री और आगरा में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अलीगढ़ में भी पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

लखनऊ में सीजन का सबसे गर्म

राजधानी लखनऊ में भी सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था। वहीं, रात का तापमान भी सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने दो दिन पहले ही प्रदेश में तीक्ष्ण गर्मी और लू के लिए अलर्ट जारी कर दिया था। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Also Read: UP IAS Transfer: 11 डीएम समेत 33 IAS बदले, शिशिर सिंह की जगह विशाल सिंह बने नए सूचना निदेशक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.