वर्जीनिया में विमान हादसा: एयर शो की तैयारी के दौरान क्रैश हुआ फाइटर प्लेन, पायलट की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका में विमान हादसों की बढ़ती घटनाओं के बीच वर्जीनिया से एक और दुखद मामला सामने आया है। हैम्पटन स्थित ‘ज्वाइंट बेस लैंगली-यूस्टिस’ सैन्य अड्डे पर इस सप्ताहांत होने वाले एयर शो की तैयारी के दौरान एक फाइटर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट की मौत हो गई।
विमान में पायलट ही था मौजूद
अधिकारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एमएक्स एयरक्राफ्ट मॉडल का एकल सीट वाला विमान रनवे पर उतरने की कोशिश कर रहा था। विमान में सिर्फ पायलट ही मौजूद था। यह पायलट ‘एयर पावर ओवर हैम्पटन रोड्स’ नामक एयर शो के लिए अभ्यास कर रहा था।
मृत पायलट की पहचान जारी
फिलहाल, मृत पायलट की पहचान उजागर नहीं की गई है। ‘ज्वाइंट बेस लैंगली-यूस्टिस’ के कमांडर कर्नल मैथ्यू ऑल्टमैन ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा, “आज हमने अपने वायुसेना परिवार का एक अनमोल सदस्य खो दिया है। पूरी जेबीएलई टीम की ओर से हम पायलट के परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।”
हादसे की जांच शुरू
इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। ‘नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड’ (NTSB) ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि हादसे की परिस्थितियों और कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस विमान से हादसा हुआ वह एमएक्सएस नामक हल्का और एक सीट वाला विमान था, जिसे हाई परफॉर्मेंस एरोबैटिक उड़ानों के लिए डिजाइन किया गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अमेरिका में विमान हादसों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। हादसे की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों का पता चल सकेगा।

