बाबा साहेब संग तस्वीर पर घिरे अखिलेश यादव, बीजेपी और बीएसपी ने बोला तीखा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव राजनीतिक दलों के निशाने पर आ गए हैं। इसकी वजह है एक फोटो, जिसमें बाबा साहेब के चेहरे के साथ अखिलेश यादव के चेहरे को मिलाकर दिखाया गया है।
दरअसल, लोहिया वाहिनी के एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव को एक ऐसी तस्वीर भेंट की गई, जिसमें बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के चेहरे के साथ अखिलेश यादव के चेहरे को मिलाकर दिखाया गया था। बीजेपी और बसपा ने इसे बाबा साहेब का अपमान बताया है।
बसपा प्रमुख मायावती ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का यह अपमान उनकी पार्टी नहीं सहेगी और बसपा इस मुद्दे पर सड़क पर उतर सकती है।”
बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी इस तस्वीर को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। योगी सरकार में मंत्री असीम अरुण, राज्यसभा सांसद बृजलाल और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव से बिना देर किए माफी मांगने की मांग की है।
केशव मौर्य ने साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का फोटो काटकर खुद की तस्वीर लगाना अखिलेश यादव एंड कंपनी का अक्षम्य अपराध है। यह न केवल बाबा साहब का, बल्कि उनके करोड़ों अनुयायियों दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और वंचितों का जानबूझकर किया गया घोर अपमान है। सपा मुखिया को तत्काल माफी मांगनी चाहिए।”
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अखिलेश यादव दलितों के मुद्दों पर लगातार बीजेपी को घेर रहे हैं, खासकर सांसद रामजीलाल सुमन के मामले में। अब बीजेपी ने बाबा साहेब के चेहरे से छेड़छाड़ को मुद्दा बनाकर अखिलेश यादव पर पलटवार किया है।
Also Read: ‘कन्फ्यूजन न फैलाएं, सरकार के साथ रहें’, मायावती की राजनीतिक दलों को नसीहत

