‘मुख्यमंत्री क्यों नहीं यह स्वीकार करते कि…’, चंदौली हत्याकांड पर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर वार
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के चंदौली जनपद के धानापुर कस्बे में दिनदहाड़े बस मालिक राजकुमार यादव उर्फ मूटून यादव की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि ‘सत्ता सजातीय’ और पुलिस का गठजोड़ साजिश के तहत ‘जाति’ देखकर हत्या करवा रहा है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, “उप्र में सत्ता और पुलिस का गठजोड़ साज़िश रचकर जाति के आधार पर हत्या करवा रहा है। इसके तहत कुछ लोगों को दी गई सुरक्षा हटाने का षड्यंत्र भी किया जा रहा है। सत्ताधारी दल के नेताओं को लगता है कि जब उनकी सरकार है तो कोई जाँच नहीं होगी और अपराधी पकड़े नहीं जाएंगे।”
सपा प्रमुख ने कसा तंज
उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री क्यों नहीं यह स्वीकार करते कि उत्तर प्रदेश की बागडोर अब अपराधियों के हाथ में चली गई है? इस तरह की सरकार की तुलना अराजकता से की जा सकती है, जहां जनता सरकार के भरोसे नहीं रह सकती। सीसीटीवी के सबूत के बावजूद अपराधी को पकड़ा नहीं जा रहा है। ऐसे में न्याय के नाम पर उत्तर प्रदेश में क्या बचा है?”
अखिलेश यादव ने राज्य की पुलिस और भाजपा माफिया को आड़े हाथों लिया और कहा, “उत्तर प्रदेश की इन्द्रिय शून्य सरकार को छोड़कर सभी को मालूम है कि हत्यारा कौन है। अगर शासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह भी इस अपराध में भागीदार माना जाएगा। इस प्रकार के शासन के बारे में कहा जा सकता है कि जो सत्ता में है, उसका कोई इक़बाल नहीं है, वह सरकार नहीं है।”
समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है और पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचकर अपनी जांच रिपोर्ट पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सौंपेगा। समाजवादी पार्टी ने न्यायालय से भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने और तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।
Also Read: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़, IED बरामद, बड़ी साजिश नाकाम

