Operation Sindoor: यूपी में रेड अलर्ट घोषित, डीजीपी प्रशांत कुमार ने जारी किए ये निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम के इस अभियान में सेना ने आतंकियों के नौ ठिकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक आधिकारिक बयान में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना द्वारा आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई को देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
डीजीपी ने प्रदेश की सभी फील्ड इकाइयों को रक्षा बलों के साथ समन्वय स्थापित करने और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को तत्काल प्रभाव से बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह से सतर्क है, आवश्यक संसाधनों से लैस है और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है। अपने बयान के अंत में उन्होंने ‘जय हिन्द!’ भी लिखा।
पाक के कई ठिकानों को भारतीय सेना ने किया ध्वस्त
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के अंदर आतंकी सरगना हाफिज सईद और मसूद अजहर के ठिकानों समेत कई अन्य आतंकी शिविरों को निशाना बनाया है। बताया जा रहा है कि सेना ने मुजफ्फराबाद, बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली, बाघ, गुलपुर, भिंबेर और शकरगढ़ जैसे क्षेत्रों में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया है।
भारतीय सेना की इस साहसिक कार्रवाई ने आतंकवादियों को कड़ा संदेश दिया है और देश भर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में जारी रेड अलर्ट इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
Also Read: Operation Sindoor: पहलगाम पीड़ित परिवारों ने सेना और पीएम मोदी को किया धन्यवाद, कहा-…

