सिद्धार्थनगर में बनेगा 1000 सीटों वाला ऑडिटोरियम, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया शिलान्यास
Sandesh Wahak Digital Desk: गौतम बुद्ध की धरती पर बृहस्पतिवार को उस वक्त एक नए युग की शुरुआत हुई जब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सिद्धार्थनगर में 1000 सीटों की क्षमता वाले भव्य ऑडिटोरियम का शिलान्यास किया। यह प्रोजेक्ट जिले को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह ऑडिटोरियम ऊर्जा विभाग के सीएसआर फंड से बनेगा, जिसमें पीएफसी, आरएसी और एनटीपीसी जैसी कंपनियों का सहयोग रहेगा। इसकी अनुमानित लागत करीब 3 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य, बिजली मंत्रालय के मंत्री मनोहर लाल ने इसे जिले के विकास के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया।

स्मार्टफोन वितरण और जनता से संवाद
कार्यक्रम के दौरान मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सिद्धार्थ पॉलिटेक्निक स्कूल के 5 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और टैबलेट भी भेंट किए, ताकि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने मंच से बोलते हुए कहा, “मैं हरियाणा की उस भूमि से आता हूँ, जहाँ भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया था। हमारी संस्कृति युद्ध को प्राथमिकता नहीं देती, लेकिन शांति के लिए कभी-कभी संघर्ष ज़रूरी होता है।”
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर एक आकांक्षी जिला है और ऐसे जिलों के लिए केंद्र सरकार विशेष योजनाओं के जरिए उन्हें विकास की मुख्यधारा में लाने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कपिलवस्तु म्यूजियम और स्तूप का दौरा कर वे प्रभावित हुए, और इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों को रोजगार देने की योजना पर काम किया जाएगा।

विकास की कई योजनाएं गिनाईं
मंत्री ने लोगों को बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इनमें आवास योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, मुद्रा ऋण योजना और पीएम श्री स्कूल प्रमुख हैं। उन्होंने जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका के लिए धन्यवाद भी दिया और स्थानीय जनता से सहयोग की अपील की।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, विधायक विनय वर्मा, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह ऑडिटोरियम जिले की नई पहचान बनेगा और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक नया मंच प्रदान करेगा। सांसद पाल ने कहा, “यह गौतम बुद्ध की भूमि है, जिसने दुनिया को शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश दिया। आज यहां मंत्री जी का आना हमारे लिए गर्व की बात है।”
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक मौर्य ने मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों और आम जनता का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिला प्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में आम लोग भी मौजूद रहे।
Also Read: INS विक्रांत का दौरा करेंगे राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री बोले- भारत हर हाल में तैयार

