पुलिस से मुठभेड़ में एक चोर घायल, तीन गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक अंतर्जनपदीय चोर गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक शातिर चोर को पुलिस की गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बाराबंकी निवासी रज्जब अली नाम का आरोपी चोर अपने गैंग के साथ भखला गांधी घाट क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरी के सामान का बंटवारा कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, जिस दौरान फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में रज्जब अली के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने मौके से तीन अन्य चोरों को भी गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में सोना-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी अलग-अलग जिलों से ताल्लुक रखते हैं और पहले भी कई आपराधिक वारदातों में शामिल रह चुके हैं।

फिलहाल घायल चोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट- बृजेश सिंह राठौर
Also Read: साकिब नाचन के ठिकानों पर ATS की छापेमारी

