बरेली में सिपाही की संदिग्ध मौत, सिर में गंभीर चोट, पत्नी-बेटी लापता, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक सिपाही की रहस्यमयी मौत ने पुलिस महकमे और इलाके में सनसनी फैला दी है। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ इलाके में किराए पर रह रहे सिपाही मुकेश त्यागी का शव बुधवार को खून से लथपथ हालत में घर में मिला। घटना के बाद से उसकी पत्नी और बेटी लापता हैं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं, जिससे मामले की जटिलता और बढ़ गई है।
क्या है पूरा मामला?
सिपाही मुकेश त्यागी मूल रूप से संभल जिले के चंदौसी के मारवाड़ीगंज सेंथल गेट के रहने वाले थे और 2011 बैच में पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। फिलहाल वह बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे क्योंकि उन्हें कोतवाली से निलंबित कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, मुकेश मढ़ीनाथ में अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराए पर रहते थे। बुधवार को जब घर से कोई आवाज नहीं आई तो पड़ोसियों को शक हुआ और सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर मुकेश का शव खून से सना मिला, उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
मौके पर एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ द्वितीय अजय कुमार समेत फोरेंसिक टीम ने भी जांच की और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने का इंतजार है।
पत्नी और बेटी लापता, मोबाइल स्विच ऑफ
घटना के बाद से मुकेश की पत्नी और बेटी घर से गायब हैं और दोनों के फोन बंद हैं। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों को तीन दिन पहले आखिरी बार देखा गया था। इससे शक और गहराता जा रहा है। परिजनों के बरेली पहुंचने के बाद भी उन्होंने फिलहाल मीडिया से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुकेश को शराब पीने की लत थी और इस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 4 जून से वे ड्यूटी पर नहीं गए थे, और नशे में ड्यूटी करने के चलते उनके खिलाफ पहले भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो चुकी है। मंगलवार को भी पत्नी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पत्नी-बेटी घर छोड़कर चली गई थीं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुकेश के सिर में लगी चोट और दीवार पर खून के निशान एक-दूसरे से मेल खा रहे हैं। संभावना है कि नशे की हालत में गिरने से उनका सिर दीवार से टकराया हो, या फिर किसी ने धक्का दिया हो। पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। इसके साथ ही एक एंगल यह भी है कि शराब पार्टी के दौरान कोई विवाद हुआ हो, जिसके बाद झगड़ा हिंसक हो गया हो।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा मामला संवेदनशील है। जांच सभी संभावित पहलुओं पर की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और मोबाइल डेटा के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पत्नी और बेटी को तलाशा जा रहा है, और परिवार से भी लगातार संपर्क में हैं।
Also Read: लखनऊ में योगी सरकार ने 166 टॉपर्स को किया सम्मानित, बांटे एक-एक लाख रुपये और टैबलेट

