किशोरी को बंधक बनाकर दो दिनों तक गैंगरेप, इलाज के दौरान हुई मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। हथगांव थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी को तीन युवकों ने कथित रूप से अगवा कर दो दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर आरोपियों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया, जहां स्थानीय लोगों ने बेसुध अवस्था में देखकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में सुनाई आपबीती, फिर टूटी सांसें
जानकारी के अनुसार, किशोरी को 8 जून को अगवा किया गया था। अस्पताल पहुंचने पर उसने मां को आपबीती सुनाई कि किस तरह उसे दरिंदों ने दो दिन तक अपनी हवस का शिकार बनाया। इलाज के दौरान ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। DSP थरियांव वीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की पूरी टीम मौके पर पहुंची और मामले की तह तक जाने के लिए जांच शुरू कर दी।
पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों अरुण, राजनयन और तुशांक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन तीनों ने मिलकर किशोरी को बहाने से बुलाया और फिर उसके साथ दरिंदगी की। बाद में गंभीर हालत में छोड़ देने से उसकी मौत हो गई। DSP वीर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी घटना में सीधे तौर पर शामिल थे और उनके खिलाफ सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यह प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी और वीडियोग्राफी के साथ पूरी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो। फिलहाल चारों आरोपियों से पुलिस की गहन पूछताछ जारी है। वहीं, एसीपी कृष्णा नगर ने जानकारी दी कि घटना की असल वजह की गहराई से जांच की जा रही है और बहुत जल्द पूरे मामले से पर्दा हटा दिया जाएगा।
Also Read: UP कैडर के IPS स्वप्निल ममगाई को केंद्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी, शाह की निगरानी में करेंगे काम

