51 करोड़ की लागत से सिद्धार्थनगर की बांसी-नन्दौर रोड का होगा चौड़ीकरण: जगदंबिका पाल

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले की बहुप्रतीक्षित बांसी-नन्दौर सड़क अब जल्द ही नई रफ्तार पकड़ेगी। करीब 17 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को 51 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से संवारा जाएगा। सांसद जगदंबिका पाल ने शनिवार को प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए करीब 17.89 करोड़ रुपये की धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी है।

सड़क के कायाकल्प का सपना अब होगा साकार

लोकप्रिय सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि यह मार्ग सिद्धार्थनगर को खलीलाबाद से जोड़ता है और लंबे समय से इसके चौड़ीकरण व मजबूतीकरण की मांग हो रही थी। अब केंद्र सरकार की केन्द्रीय सड़क निधि योजना के अंतर्गत इस मार्ग की मंजूरी मिल चुकी है।

Jagdambika Pal Development Work

सुधरेंगे सफर के हालात, बचेगा समय

सांसद पाल ने कहा, इस सड़क के बन जाने से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। यात्रा में लगने वाला समय बचेगा और आवाजाही सुगम होगी। मैं वर्षों से इस परियोजना के लिए प्रयासरत था। इस मंजूरी के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

सिद्धार्थनगर की जनता के लिए संकल्प

उन्होंने भावुक होते हुए कहा, जनपद सिद्धार्थनगर की देवतुल्य जनता की सेवा करना मेरा सौभाग्य है। यह सिर्फ सड़क नहीं, हमारे क्षेत्र के विकास का रास्ता है। मेरा सपना है स्वस्थ रहे सिद्धार्थनगर अपना। प्रेस वार्ता में सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, शिक्षक नेता राधारमण त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद थे। सांसद ने सभी पत्रकारों और सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका यह सपना अब हकीकत बनने जा रहा है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

Also Read: Lucknow: रेड्डी अन्ना एप से हुई करोड़ों की ठगी, पुलिस की छापेमारी में 15 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.