धर्म का मजाक उड़ाने के सवाल पर बोले आमिर खान, गर्व है कि मैं मुसलमान हूं

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने हाल ही में एक चर्चित टीवी शो ‘आप की अदालत’ में शिरकत की, जहां उन्होंने न सिर्फ अपने फिल्मी कॅरियर बल्कि धर्म, सेना, और समाज से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर बातचीत की।

पहलगाम आतंकी हमले पर आमिर की प्रतिक्रिया

शो में जब हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले को लेकर आमिर से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा, पूरी दुनिया को समझना चाहिए कि पहले हमला उन्होंने किया। उन्होंने हमारे निर्दोष लोगों को मारा, ये इंसानियत पर हमला है। कोई भी मजहब ये नहीं कहता कि बेगुनाहों को मारा जाए। आमिर ने आगे कहा कि जो लोग इस्लाम के नाम पर आतंक फैला रहे हैं, वो असल में मुसलमान हैं ही नहीं। इस्लाम में लिखा है कि ना औरतों पर हाथ उठाओ, ना बच्चों को मारो, ना किसी बेगुनाह को नुकसान पहुंचाओ। ये लोग जो कर रहे हैं, वो इस्लाम के बिल्कुल खिलाफ है।

भारतीय सेना को लेकर भावुक हुए आमिर

आमिर खान ने अपनी बात में कारगिल युद्ध का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने खुद युद्ध के दौरान सेना का हौसला बढ़ाने के लिए 8 दिन कारगिल में बिताए थे। मुझे हमारी सेना पर गर्व है। मैंने हर रेजीमेंट से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाया था।

धर्म के नाम पर धंधा करने वालों का विरोधी हूं

शो में जब आमिर से यह पूछा गया कि उन्हें धर्म का मज़ाक उड़ाने वाला क्यों कहा जाता है, खासकर हिंदू धर्म को लेकर, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया। मैं हर धर्म का सम्मान करता हूं। मेरी फिल्मों का मकसद कभी भी किसी धर्म को नीचा दिखाना नहीं रहा। मैंने हमेशा उन लोगों पर सवाल उठाए हैं जो धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करते हैं और फायदा उठाते हैं। मुझे गर्व है कि मैं मुसलमान हूं, और उससे भी ज्यादा कि मैं हिंदुस्तानी हूं।

जब उनसे यह सवाल किया गया कि कुछ लोग उन्हें काफ़िर कहते हैं क्योंकि उन्होंने अपनी बहन और बेटी की शादी हिंदू धर्म में की, तो आमिर ने साफ कहा, मैं मुसलमान हूं और मुझे इस पर गर्व है। लेकिन साथ ही मैं एक भारतीय हूं और मुझे अपने हिंदुस्तानी होने पर सबसे ज्यादा गर्व है। ये दोनों बातें मेरे लिए बराबर मायने रखती हैं।

Also Read: प्रयागराज में आसमानी कहर: बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.