‘यह लड़ाई किसी दल से नहीं…’, कांग्रेस नेता का अखिलेश यादव के बयान पर करारा जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों ‘इंडिया गठबंधन’ को लेकर जारी बयानबाज़ी के बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान पर हमले के खिलाफ है। उन्होंने कहा, ‘जहां जरूरत होगी, वहां भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला किया जाएगा, और INDIA गठबंधन का मकसद भी यही है’।
‘गठबंधन पूरी तरह अस्तित्व में है’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा INDIA गठबंधन की सक्रियता को लेकर व्यक्त की गई शंका पर अविनाश पांडे ने दो टूक कहा अखिलेश जी को यह संदेह क्यों है कि गठबंधन मौजूद नहीं है? INDIA गठबंधन आज भी पूरी तरह सक्रिय और मजबूत है। उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन किसी एक व्यक्ति या दल की सुविधा का मंच नहीं, बल्कि यह एक लोकतांत्रिक और संविधान सम्मत भारत को बचाने की लड़ाई है।
अविनाश पांडे ने बीजेपी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा आज देश की अधिकांश संवैधानिक संस्थाएं भारतीय जनता पार्टी के फ्रंटल संगठन की तरह काम कर रही हैं। यह चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में तानाशाही मानसिकता हावी होती जा रही है, जहां संविधान से लेकर सामाजिक न्याय तक को कुचला जा रहा है। INDIA गठबंधन का मुख्य उद्देश्य इसी व्यवस्था को बदलना है।
पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति
पंचायत चुनावों पर बात करते हुए पांडे ने बताया कि कांग्रेस पार्टी हर वार्ड और क्षेत्र के आधार पर रणनीति बना रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की आंतरिक समीक्षा चल रही है और जल्द ही संगठन स्तर पर ठोस फैसले लिए जाएंगे।
इमरान मसूद और गठबंधन पर स्थिति साफ
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा गठबंधन को लेकर दिए गए बयान पर उठे विवाद पर भी पांडे ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा इमरान मसूद ने गठबंधन के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। उन पर कुछ अन्य दलों के नेताओं द्वारा अनावश्यक टिप्पणियां की गईं, जो कांग्रेस नेतृत्व के प्रति अपमानजनक थीं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि कोई भी पार्टी या व्यक्ति कांग्रेस पार्टी या उसके नेतृत्व का अपमान करता है, तो हर कांग्रेस कार्यकर्ता उसका माकूल जवाब देगा।
विधानसभा चुनावों में सीट शेयरिंग को लेकर सवाल पूछे जाने पर अविनाश पांडे ने साफ किया फिलहाल इसका कोई औचित्य नहीं है। जब विधानसभा चुनाव करीब आएंगे, तब INDIA गठबंधन में बैठकर सीटों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
Also Read: ‘बहुत देर कर दी हुज़ूर आते-आते’, सपा प्रवक्ता का मोदी सरकार पर तीखा प्रहार

