Lucknow: पेट्रोल पंप मालिक के घर से एक करोड़ का माल साफ, चोरों ने छोड़े ‘नाश्ते’ के निशान

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सुनसान घर में करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने घर को पूरी तरह खंगाल डाला और यहां तक कि किचन में रखे चिप्स और फ्रिज में रखे ड्राई फ्रूट्स भी चट कर गए। परिवार के बेंगलुरु से लौटने पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ।

जानकीपुरम के खरगपुर जागीर निवासी दुर्गेश कुमार मिश्रा, 60 फीटा रोड (जानकीपुरम विस्तार) पर ‘मिश्रा ब्रदर्स’ नाम से पेट्रोल पंप के मालिक हैं। वह 28 मई को अपने पूरे परिवार के साथ बहन सरिता के घर बेंगलुरु गए थे। मंगलवार देर रात लगभग 1 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर का मेन गेट टूटा हुआ मिला, हालांकि मुख्य ताला अपनी जगह पर था।

जैसे ही उन्होंने ताला खोला और अंदर दाखिल हुए, हर कमरे का नजारा डराने वाला था कमरों के ताले टूटे थे, हर ओर सामान बिखरा पड़ा था। पीछे के दरवाजे की कुंडी भी टूटी मिली।

जेवर, नकदी और महंगी साड़ियाँ सब ले उड़े चोर

दुर्गेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि घर में उनका और उनके भाई राम मनोहर मिश्रा का परिवार रहता है। घर में वर्षों से संजोए गए करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के पारंपरिक और आधुनिक गहने, और करीब 3 लाख रुपये की नकदी, चोर उठा ले गए।

अलमारियों में रखी कीमती साड़ियाँ, और कमरे में रखा एक म्यूजिक स्पीकर भी चोरी हो गया। उन्होंने बताया कि चोरों ने पूरे घर को बेहद सुनियोजित ढंग से खंगाला और कहीं भी कोई कोना नहीं छोड़ा।

चोरी के दौरान खाए चिप्स और ड्राई फ्रूट्स, पुलिस हैरान

इस वारदात में हैरानी की बात ये भी रही कि चोरों ने न सिर्फ कीमती सामान चुराया, बल्कि आराम से बैठकर किचन से चिप्स और फ्रिज में रखे ड्राई फ्रूट्स भी खा डाले। यह इशारा करता है कि चोरों को घर में लंबे समय तक रुकने का मौका मिला, और उन्होंने पूरी योजना के साथ यह वारदात अंजाम दी।

पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और घर का गहन निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फोरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। विवेचना जारी है और पुलिस को जल्द किसी ठोस सुराग मिलने की उम्मीद है।

Also Read: बिजली कटौती से जूझ रहा उत्तर प्रदेश, AAP कार्यकर्ताओं का लखनऊ में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.