‘वो तो अनपढ़ आदमी हैं, क्यों उनका नाम लेते हो…’, केशव प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश यादव ने क्या कहा?

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार (20 जून) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बदलने की जो अफवाहें फैलती हैं, वो भाजपा के इशारे पर ही चलाई जाती हैं। उनका आरोप था कि इन अफवाहों के पीछे कुछ ऐसे लोग होते हैं जो खुद भाजपा से मिले होते हैं और जानबूझकर जनता को भ्रमित करते हैं।

अखिलेश यादव से जब पत्रकारों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा वो तो अनपढ़ आदमी हैं, क्यों नाम लेते हो उनका यार। बेमतलब में नाम लेते हो। उनके इस बयान पर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार जातीय तनाव को बढ़ावा देकर सत्ता में बने रहना चाहती हो, उससे कानून व्यवस्था की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने गाजियाबाद की एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां एफआईआर दर्ज कराने गए व्यक्ति को ही मार दिया गया, जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कानून का राज नहीं है।

अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों और जनसेवकों का सम्मान करती रही है। अगर उन्हें मौका मिला, तो वे जनता और कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे।

Also Read: डॉ. रोहिणी बनाम चंद्रशेखर आज़ाद: रिश्तों से उठे विवाद ने पकड़ा कानूनी मोड़, सोशल…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.