पहलगाम आतंकी हमले में बड़ी कामयाबी, एनआईए ने आतंकियों के दो मददगारों को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने दो स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने हमले से पहले तीन पाकिस्तानी आतंकियों को शरण, खाना और रसद मुहैया कराई थी।
यह हमला 22 अप्रैल 2025 को हुआ था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी इनमें से अधिकतर पर्यटक थे। 16 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। एनआईए ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान परवेज अहमद जोथर, निवासी बटकोट पहलगाम और बशीर अहमद जोथर, निवासी हिल पार्क पहलगाम के रूप में की गई है।
जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने पहलगाम के हिल पार्क इलाके में मौजूद एक मौसमी झोपड़ी (ढोक) में तीन हथियारबंद आतंकियों को शरण दी थी। यह आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) नामक प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े थे और पाकिस्तान के नागरिक थे।
Also Read: यूपी पुलिस भर्ती में फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर पहुंची युवती, ऐसे खुला राज और हो गई गिरफ्तार

