लखनऊ में बड़ा हादसा टला: 1090 चौराहे पर डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, कई यात्री घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया, जब गोंडा डिपो की एक रोडवेज बस 1090 चौराहे पर अचानक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस की कमानी टूट गई और शाफ्ट नीचे गिर गया। हादसे के वक्त बस में एक दर्जन से अधिक यात्री मौजूद थे, जिनमें से कई को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना मामला और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और यातायात को नियंत्रित किया गया।
गोंडा से कानपुर जा रही थी बस
यह रोडवेज बस गोंडा के गौरा चौकी से कानपुर जा रही थी और लखनऊ के 1090 चौराहे से होकर गुजर रही थी। बस UP43T 7566 के चालक हरि सिंह और परिचालक विजय दुबे संचालित कर रहे थे।
क्या चालक की लापरवाही बनी वजह?
कपिल देव सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार, रोडवेज डिपो से निकलने से पहले सभी बसों की तकनीकी जांच की जाती है। ऐसे में प्रारंभिक जांच के आधार पर चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है। विभाग ने इस दिशा में आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में हादसा, सवाल खड़े
1090 चौराहा और मुख्यमंत्री आवास का इलाका लखनऊ का वीवीआईपी और हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है, जहां हर वाहन को बेहद सतर्कता के साथ चलाया जाना चाहिए।
अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या चालक ने ट्रैफिक नियमों और स्पीड लिमिट का सही पालन किया या नहीं?
जांच जारी, ज़िम्मेदारी तय होगी
फिलहाल रोडवेज विभाग की टीम हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। अगर चालक की गलती पाई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: देहरादून में हुए सड़क हादसे में हरियाणा के रहने वाले चार…

