IPL को टक्कर देने आ रहा ये टूर्नामेंट, 34 अरब की टी20 लीग से भारत-इंग्लैंड को लगेगा झटका

Saudi T20 league: दुनियाभर की क्रिकेट लीगों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। दरअसल, सऊदी अरब द्वारा प्रस्तावित एक नई टी20 सुपर लीग क्रिकेट जगत में भूचाल ला सकती है।

इस 3442 करोड़ रुपये (करीब 400 मिलियन डॉलर) की लीग को SRJ Sports Investments शुरू करने की योजना बना रहा है, जो हर साल चार ग्रैंड स्लैम फॉर्मेट वाले टूर्नामेंट आयोजित करेगी।

इस लीग से सबसे ज्यादा असर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और इंग्लैंड की ‘द हंड्रेड’ पर पड़ने की आशंका है।

BCCI और ECB ने अपनाया सख्त रुख, खिलाड़ियों को नहीं देंगे NOC

रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी लीग के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एकजुट होकर इसका विरोध करने का फैसला किया है।

Saudi T20 league

हाल ही में लॉर्ड्स में हुई विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान दोनों बोर्डों के शीर्ष अधिकारियों ने इस मुद्दे पर चर्चा की।

बैठक के बाद यह तय किया गया कि भारत और इंग्लैंड, अपने किसी भी अनुबंधित खिलाड़ी को इस लीग में हिस्सा लेने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) नहीं देंगे।

साथ ही, BCCI और ECB मिलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर दबाव डालने की योजना बना रहे हैं ताकि इस लीग को आधिकारिक मान्यता न दी जाए।

ऑस्ट्रेलिया दिखा सकता है रुचि, निजी निवेश के लिए तैयार

जहां भारत और इंग्लैंड इस अरबों रुपये की लीग का विरोध कर रहे हैं, वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) का नजरिया बिल्कुल अलग है।

रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया सऊदी निवेशकों के साथ साझेदारी करने और इस लीग में भाग लेने के लिए तैयार है।

ऑस्ट्रेलिया इसे घरेलू क्रिकेट में निजी निवेश लाने का एक सुनहरा मौका मान रहा है, क्योंकि फिलहाल बिग बैश लीग (BBL) पर सिर्फ सरकारी संस्थाओं और राज्य संघों का नियंत्रण है।

टेनिस ग्रैंड स्लैम जैसा ढांचा, सालभर खेली जाएंगी 4 मिनी लीग्स

सऊदी लीग का फॉर्मेट भी इसे खास बनाता है। इसमें 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जो साल में चार बार अलग-अलग स्थानों पर टूर्नामेंट खेलेंगी – ठीक उसी तरह जैसे टेनिस में चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट होते हैं।

यह लीग दुनिया के क्रिकेट बाजार में नई चुनौती पेश करेगी और मौजूदा फ्रेंचाइजी मॉडल को कड़ी टक्कर दे सकती है।

Also Read: टीम इंडिया का अगला कोच कौन? गांगुली के इशारे ने बढ़ाई गंभीर की चिंता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.