VIDEO: पहले जड़ा छक्का फिर मौत, बैटिंग के दौरान आया हार्ट अटैक, वायरल हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो

Sandesh Wahak Digital Desk: सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक स्थानीय क्रिकेटर की मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

यह दर्दनाक घटना पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई, जहां एक क्रिकेट मैच के दौरान बल्लेबाज ने पहले शानदार छक्का जड़ा और उसके कुछ ही पलों बाद पिच पर गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतक की पहचान हरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर का ही निवासी था। यह स्थानीय टूर्नामेंट का मैच फिरोजपुर के डीएवी स्कूल मैदान में खेला जा रहा था।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हरजीत ने एक तेज़ शॉट खेलकर छक्का लगाया और फिर अपने साथी बल्लेबाज की ओर चला। तभी वह अचानक पिच के बीच में घुटनों पर बैठ गया और कुछ ही क्षणों में ज़मीन पर गिर पड़ा।

वहां मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने CPR देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

क्रिकेट मैदान पर अचानक हार्ट अटैक की घटनाएं हाल के वर्षों में चिंता का विषय बनी हुई हैं। साल 2024 में पुणे में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब इमरान पटेल नाम के क्रिकेटर को मैच के दौरान सीने में तेज दर्द हुआ।

उन्होंने अंपायर को इसकी जानकारी दी और पवेलियन की ओर लौटते समय मैदान पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

इसी तरह, जून 2024 में मुंबई में एक कॉर्पोरेट क्रिकेट मैच के दौरान राम गणेश तंवर ने सिक्स मारा और उसके कुछ देर बाद मैदान पर गिर पड़े। उन्हें भी नहीं बचाया जा सका।

युवाओं में दिल की बीमारियों को लेकर बढ़ती चिंता

इन घटनाओं ने इस ओर ध्यान खींचा है कि अब 30 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों में भी हृदय संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक तनाव, अनियमित जीवनशैली और स्वास्थ्य जांच की कमी इसके पीछे संभावित कारण हो सकते हैं।

पंजाब के हरजीत सिंह की आकस्मिक मृत्यु ने एक बार फिर खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है और मैदान पर खिलाड़ियों की मेडिकल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: Social Media Earnings: महज एक पोस्ट से इतना कमाते हैं कोहली, आस-पास भी नहीं धोनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.