ICC का बड़ा एक्शन: इस देश के क्रिकेट बोर्ड पर मंडराया सस्पेंशन का खतरा
Sandesh Wahak Digital Desk: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) संयुक्त राज्य अमेरिका क्रिकेट बोर्ड (USAC) के खिलाफ कड़े एक्शन की तैयारी में है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, आईसीसी ने पिछले साल USAC को 12 महीने का गवर्नेंस नोटिस जारी किया था, जिसकी अवधि अब जुलाई 2025 में समाप्त हो रही है। अगर तब तक बोर्ड ने प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सुधार नहीं किए, तो उस पर सस्पेंशन का खतरा मंडरा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, अगले महीने आईसीसी की वार्षिक बैठक में इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। यदि USAC अपने नेतृत्व में व्यापक बदलाव नहीं करता, तो बोर्ड को निलंबित किया जा सकता है।
क्यों आई ICC को कठोर कदम उठाने की जरूरत
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के समाप्त होते ही जुलाई में USAC को गवर्नेंस नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद ICC ने एक सामान्यीकरण समिति (Normalization Committee) का गठन किया था।
जो बोर्ड की गतिविधियों और सुधारों पर नजर रख रही है। ICC ने स्पष्ट तौर पर USAC की प्रशासनिक विफलताओं को इस हस्तक्षेप का कारण बताया था।
रिपोर्ट के अनुसार, जून 2025 में ICC की एक टीम लॉस एंजेलिस पहुंची थी, जहां उसने यूएस ओलंपिक और पैरालंपिक समिति के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सामान्यीकरण समिति और USAC के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बार-बार चेतावनियों के बावजूद USAC के कामकाज में अपेक्षित बदलाव नहीं हुए हैं। ICC का रुख अब बेहद स्पष्ट है — खासकर 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को ध्यान में रखते हुए, बोर्ड के नेतृत्व में बदलाव अब टालने योग्य नहीं रह गया है।
बोर्ड में दरार: कुछ अधिकारी तैयार, कुछ अड़े
ICC की टीम ने कथित रूप से USAC के कुछ अधिकारियों से अपने पद छोड़ने का आग्रह किया है। कुछ अधिकारी इस्तीफे के लिए तैयार हैं, लेकिन कई लोग अब भी पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस मुद्दे पर USAC अब तक कोई ठोस फैसला नहीं ले पाया है। आने वाले दिनों में कुछ बड़े इस्तीफे सामने आ सकते हैं।हालांकि, अभी तक ICC की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

