Lucknow News: परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी स्कूटियों से चोरी करने वाले गैंग के 3 सदस्य गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में परीक्षा देने आए छात्रों की स्कूटी से सामान चुराने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। कृष्णानगर थाना पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए मोबाइल फोन, गहने, डेबिट कार्ड और एक चोरी की स्कूटी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह गैंग परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों की निगरानी करता था और जैसे ही छात्र परीक्षा देने जाते, ये उनकी स्कूटी या बाइक की डिग्गी से कीमती सामान चुरा लेते थे।
कहां से पकड़े गए आरोपी?
पुलिस ने दिनांक 8 जुलाई 2025 को संगम विहार कॉलोनी अंडरपास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सैयद सैफ (25 वर्ष) – एलडीए कॉलोनी, थाना बाजारखाला निवासी, ग्रेजुएट, पूर्व में जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय।
मयंक सोनकर (25 वर्ष) – थाना अमीनाबाद निवासी, मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है।
रूपेश यादव (28 वर्ष) – एलडीए कॉलोनी राजाजीपुरम निवासी, चैट सपोर्ट एग्जीक्यूटिव के तौर पर वर्क फ्रॉम होम करता है।

पुलिस को क्या मिला?
- 3 मोबाइल फोन (एक OPPO F27 फोन चोरी का)
- एक सोने की चेन, दो कान के टॉप्स
- पैन कार्ड, वोटर आईडी, दो डेबिट कार्ड (BOB व SBI)
- चोरी की स्कूटी (UP32HR5621)
- 730 रुपये नकद
घटनाओं का पूरा विवरण
मामला-1: 9 जून 2025 को परीक्षा देने पहुंची प्रियंका शुक्ला की स्कूटी से गहने और अन्य सामान चोरी हो गया। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्रता की और धक्का-मुक्की कर भाग निकले। इस पर FIR नंबर 281/2025 धारा 352/305(2) IPC में दर्ज की गई।
मामला-2: 4 जुलाई 2025 को परीक्षार्थी मो. वैश का मोबाइल और दो एटीएम कार्ड चोरी हो गए, जिनका इस्तेमाल कर ₹1.30 लाख खाते से निकाल लिए गए। इस मामले में FIR नंबर 323/2025 धारा 303(2)/318(4) IPC में केस दर्ज हुआ।
कैसे पकड़ में आए आरोपी?
पुलिस ने चार टीमें बनाकर सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की सूचना के आधार पर इस गैंग का खुलासा किया। पूछताछ में गैंग लीडर सैयद सैफ ने कबूला कि उन्होंने परीक्षा केंद्र पर खड़ी स्कूटियों की डिग्गी से सामान निकाला और फिर गहनों को बेचकर पैसे आपस में बांटे। उन्होंने यह भी बताया कि चोरी की गई स्कूटी का इस्तेमाल गहने बेचने और घटनास्थल से भागने के लिए किया गया था। एटीएम कार्ड से ऑनलाइन शॉपिंग भी की गई।
अपराध का तरीका
- आरोपी परीक्षा केंद्रों के बाहर स्कूटी/बाइक की डिग्गी को टारगेट करते थे।
- डिग्गी में रखे मोबाइल, एटीएम कार्ड, ज्वैलरी आदि चुराते थे।
- डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर पैसे निकाल लेते या ऑनलाइन खरीदारी करते।
गैंग लीडर का आपराधिक इतिहास भी उजागर
सैयद सैफ पर पहले भी 10 मुकदमे दर्ज हैं जिनमें चोरी, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस शामिल हैं। ये केस लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज और अन्य जिलों में दर्ज हैं। इस गिरोह का पर्दाफाश करने वाली थाना कृष्णानगर पुलिस टीम को उनकी सक्रियता के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी की ओर से ₹15,000 का पुरस्कार दिया गया है।
Also Read: Varanasi : पारिवारिक विवाद बनी दोहरे हत्याकांड की वजह, बेटे ने पिता और…

