चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा है। समस्तीपुर पुलिस ने इस आरोपी को बेगूसराय जिले के तेघड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भीड़हा गांव के मोहम्मद मेराज (21) के रूप में हुई है।

मोबाइल से मिले अहम सबूत

गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने मोहम्मद मेराज को पटना साइबर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल, पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसने किसके कहने पर चिराग पासवान को यह धमकी दी थी। साइबर क्राइम डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इस मोबाइल में उसकी इंस्टाग्राम आईडी मिली है और वह कमेंट भी बरामद किया गया है, जिसके जरिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

डीएसपी ने बताया कि तकनीकी जांच के दौरान, विभिन्न सोशल मीडिया साइट्स की पड़ताल से साहिल सफीक नाम का एक यूजर मिला। उसने कमेंट किया था कि चिराग पासवान को धमकी देने वाला युवक मानसिक रूप से बीमार है। इसके बाद, साइबर पुलिस ने मोहम्मद सफीक से पूछताछ की, जिससे मोहम्मद मेराज के बारे में जानकारी मिली और फिर उसे बेगूसराय के तेघड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया।

11 जुलाई को मिली थी धमकी

आपको बता दें कि यह धमकी 11 जुलाई को इंस्टाग्राम के माध्यम से दी गई थी। टाइगर मिराज नामक एक यूजर ने यूट्यूब पर दक्षा प्रिया के एक इंटरव्यू पोस्ट के कमेंट सेक्शन में 20 जुलाई को चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। धमकी मिलने के बाद, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तुरंत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की है। लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह उर्फ हीरा सिंह ने इस मामले में समस्तीपुर साइबर थाने में आवेदन दिया था। हालांकि, पटना साइबर थाने में इस मामले को लेकर पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी, जिस कारण समस्तीपुर में सिर्फ एक सन्हा (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज की गई थी।

Also Read: WTC 2025-27: 12 साल में पहली बार टीम से बाहर हुआ ये खिलाड़ी, सामने आई बड़ी वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.