Maharashtra: बनियान-गमछा पहनकर MVA के विधायकों का प्रदर्शन, जानिए क्या है मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) ने बुधवार को विधान भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। वजह थी शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ द्वारा विधायकों की कैंटीन के एक कर्मचारी के साथ की गई मारपीट, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

प्रदर्शन के दौरान एमवीए के विधायकों ने अनोखा तरीका अपनाया। वे गायकवाड़ की तरह बनियान और कमर पर तौलिया लपेटे हुए नजर आए। उनका आरोप था कि मौजूदा सरकार में “गुंडा राज” पनप रहा है और ऐसे मामलों पर सरकार चुप्पी साधे बैठी है।

सरकार कर रही है ऐसे लोगों को बढ़ावा: अंबादास दानवे

राज्य विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “कैंटीन में जो घटना घटी, वह सिर्फ एक कर्मचारी पर हमला नहीं था, बल्कि यह दिखाता है कि राज्य सरकार किस तरह के लोगों को संरक्षण दे रही है।”

गायकवाड़ का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह बनियान और तौलिया पहने हुए नजर आ रहे हैं और कैंटीन के ठेकेदार को थप्पड़ और मुक्के मारते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना बासी खाना परोसने को लेकर हुई बहस के बाद की है।

इसी कपड़ों में की थी पिटाई, इसलिए हमने भी पहना: जितेंद्र अव्हाड

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र अव्हाड ने कहा कि उनका विरोध प्रदर्शन आम जनता को यह दिखाने के लिए था कि सत्ताधारी नेताओं की असली तस्वीर क्या है। उन्होंने कहा, गायकवाड़ ने जिस वेशभूषा में मारपीट की, हमने वही पहनकर प्रदर्शन किया ताकि लोगों को दिखा सकें कि नेता किस स्तर तक गिर चुके हैं।

विपक्ष की मांग: गायकवाड़ को करें निलंबित, हो कानूनी कार्रवाई

इस घटना को लेकर विपक्ष पूरी तरह आक्रोशित है। एमवीए नेताओं ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि संजय गायकवाड़ को विधानसभा से तत्काल निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Also Read: 1 अगस्त से शुरू होगा वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का खास अभियान,18 वर्ष से अधिक हो…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.