Mirzapur News: CRPF जवान को कांवड़ियों ने स्टेशन पर पीटा, आधा दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन उस वक्त विवाद और हिंसा का गवाह बना जब ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस पकड़ने आए एक सीआरपीएफ जवान की कुछ कांवड़ियों से मामूली कहासुनी अचानक बवाल में तब्दील हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि जवान को स्टेशन के फर्श पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जवान टिकट लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर मौजूद था। उसी दौरान वहां पहुंचे कांवड़ यात्रा पर निकले कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। वाद-विवाद इतना बढ़ा कि कांवड़ियों ने जवान को घेर लिया और जमीन पर लेटाकर लात-घूंसे और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटने लगे। सबसे चिंता की बात यह रही कि मौके पर मौजूद कुछ लोग मदद करने के बजाय इस पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे, जबकि जवान लगातार मदद की गुहार लगाता रहा।

कई संगीन धाराओं में केस दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 5 से 7 कांवड़ियों को हिरासत में लिया है। इन सभी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, अभद्र व्यवहार और शांति भंग करने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

रेलवे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। घटना के वीडियो फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह भी दिखाया कि भीड़ में मौजूद लोग किसी की मदद करने के बजाय वीडियो बनाकर वायरल करने में लगे रहते हैं। मामले को लेकर रेलवे और जिला प्रशासन दोनों ही गंभीर नजर आ रहे हैं।

 

Also Read: यूपी में मरीजों को अब नहीं लगाने होंगे अस्पतालों के चक्कर, मोबाइल पर ही मिलेगी जांच रिपोर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.