Sambhal News: कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा असमोली थाना क्षेत्र के मनोटा पुल के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार पांच कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय पुलिस और रैपिड रेस्पॉन्स फोर्स (RRF) की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को संभल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक और कांवड़िए को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तीन अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा सावन के पावन महीने में जारी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

