Agra News: अभय की हत्या से हड़कंप, अपहरण के बाद राजस्थान में मिला शव, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां फतेहाबाद थाना क्षेत्र के विजय नगर निवासी ट्रांसपोर्टर विजय प्रताप के आठ वर्षीय बेटे और पहली कक्षा के छात्र अभय प्रताप का 30 अप्रैल को अपहरण हो गया था, और अब उसका शव राजस्थान में बरामद किया गया है। शनिवार रात जैसे ही मासूम अभय का शव उसके घर पहुंचा, पूरे इलाके में आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने विजय नगर कॉलोनी के पास आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर बच्चे का शव रखकर जाम लगा दिया, और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
क्या था पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल को आगरा से अपहृत आठ वर्षीय अभय का शव राजस्थान के मनिया में ज़मीन में दफन मिला। यह सूचना तब मिली जब राजस्थान पुलिस ने आगरा पुलिस से संपर्क कर शव बरामद होने की जानकारी दी। पहली कक्षा के छात्र अभय के अपहरणकर्ताओं ने बाद में 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। बच्चे के अपहरण के कुछ दिनों बाद एक पत्र के ज़रिए परिवार से फिरौती की मांग की गई थी।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
फिरौती के लिए आरोपी ने कुल चार और चिट्ठियां भेजीं, जिनमें उसने फिरौती की रकम बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी थी। साथ ही धमकी भी दी थी कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो गोली मार दी जाएगी। शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अभय का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चे के अपहरण के कुछ दिनों बाद जब फिरौती के लिए पत्र आया था, तो उसकी लिखावट देखकर आरोपी की पहचान की जा सकती थी, लेकिन पुलिस ने तब गंभीरता नहीं दिखाई और उसे गिरफ्तार नहीं किया, जिसकी वजह से आज यह दुखद परिणाम सामने आया है।
जल्द होगा राजफाश: पुलिस
वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और वे इस मामले में सक्रियता से काम कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा, हम एक बड़ी सफलता के बहुत करीब हैं और बहुत जल्द इस मामले का राजफाश हो जाएगा। पुलिस बच्चे की मौत और अपहरण से जुड़ी परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।

