अलवर में शिवरात्रि पर बड़ा हादसा, कांवड़ यात्रा के दौरान करंट लगने से दो की मौत, 32 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के अलवर ज़िले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में बुधवार को महाशिवरात्रि के मौके पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कांवड़ यात्रा के दौरान करंट की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
11000 वोल्ट की लाइन से टच हुआ कांवड़ियों का रथ
यह हादसा लक्ष्मणगढ़ के बीचगांवा गांव में उस समय हुआ जब हरिद्वार से आए कांवड़िए गांव में कांवड़ की परिक्रमा कर रहे थे। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। परिक्रमा के दौरान जैसे ही कांवड़ियों का रथ गांव के सरकारी स्कूल के पास से गुजरा, वह 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। इससे आसपास के इलाके में करंट फैल गया और कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग वहीं ज़मीन पर गिर पड़े, कुछ बुरी तरह झुलस गए। गांव वालों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी
घटना की खबर फैलते ही गांव में गुस्से की लहर दौड़ गई। आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। अगर समय रहते लाइन को शिफ्ट कर दिया जाता या सुरक्षा के इंतज़ाम किए जाते, तो यह जानलेवा घटना टल सकती थी।
प्रशासन ने की पुष्टि, जांच के आदेश जारी
लक्ष्मणगढ़ की तहसीलदार ममता कुमारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि, “हरिद्वार से आए कांवड़िए गांव में रुके थे और परिक्रमा कर रहे थे। इसी दौरान रथ हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराया जा रहा है।” फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read: दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से उमस से राहत, लेकिन ट्रैफिक और जलभराव बना मुसीबत

