IND vs ENG: 148 साल में पहली बार टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रचने वाले पहले विकेटकीपर बने ऋषभ पंत
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इतिहास रच दिया है।
पंत टेस्ट क्रिकेट के 148 सालों के इतिहास में ऐसे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने विदेशी जमीन पर 1000 या उससे अधिक रन बनाए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान पंत ने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने इंग्लैंड में अब तक करीब 45 की औसत से 1000 से ज्यादा रन बना लिए हैं, जिसमें चार शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।

इससे पहले यह रिकॉर्ड भी पंत के ही नाम था, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में 879 रन बनाए थे।
इस सीरीज में पंत ने 450 से अधिक रन बनाकर इंग्लैंड में भारतीय विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
पहले दिन ही हुए चोटिल, पांचवें टेस्ट से बाहर
चौथे टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत जब 37 रन बनाकर खेल रहे थे, तभी उन्हें पैर में चोट लग गई और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। स्कैन के बाद पता चला कि उनके पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर है, जिसके चलते वह पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि पंत चौथे टेस्ट में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को यह जिम्मेदारी दी गई है।
चोट के बावजूद की बल्लेबाजी, लगाया अर्धशतक
गुरुवार को मैच के दूसरे दिन पंत फिर से बल्लेबाजी करने मैदान में उतरे। लंगड़ाते हुए पिच पर आए पंत ने हिम्मत नहीं हारी और 37 रन से आगे खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 54 रन बनाकर आउट हुए। यह इस सीरीज में उनका तीसरा अर्धशतक है।
ऋषभ पंत की यह जुझारू पारी न सिर्फ टीम इंडिया के लिए अहम रही, बल्कि उन्होंने फिर से साबित कर दिया कि वह मुश्किल हालात में भी टीम के लिए खड़े रह सकते हैं।

