Bareilly News: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में पुलिस और दो बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दोनों शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से एक को गोली लगने के कारण घायल अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, लूटी गई मोटरसाइकिल और ₹4,300 नकद बरामद किए हैं।
रात के अंधेरे में चेकिंग, फिर मिली मुखबिर की सूचना
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बरेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चेकिंग चल रही थी। 25-26 जुलाई की रात को फतेहगंज पश्चिमी थानाध्यक्ष सुरेन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश हाईवे पर स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से धनेटा से झुमका तिराहे की ओर जा रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं।
पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गांव सतुईया पट्टी निवासी 24 वर्षीय अवधेश सिंह और 20 वर्षीय विष्णु कश्यप को पकड़ लिया। मुठभेड़ में अवधेश सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक कारनामे
पकड़े गए दोनों अभियुक्तों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे हाईवे पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने औंध पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से बाइक और मोबाइल लूटा था। बाइक बरामद कर ली गई है जबकि मोबाइल उनके तीसरे साथी महेन्द्र सिंह के पास है।
उन्होंने यह भी बताया कि एक माह पहले ट्यूलिया अंडरपास पर एक महिला से सोने का कुंडल छीनकर उसे ₹10,000 में बेच दिया था। उसी रकम में से ₹4,300 उनके पास बचे हुए हैं जो पुलिस ने बरामद कर लिए।
अभियुक्तों पर दर्ज आपराधिक मामले
अवधेश सिंह और विष्णु कश्यप पर पहले से भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश (धारा 307), लूट, अवैध हथियार रखना और भारतीय न्यायदंड संहिता (BNS) की अन्य धाराएं शामिल हैं। अब उनके खिलाफ नया मामला धारा 109, 351(3), 352, 317(2), 318(4) BNS व आर्म्स एक्ट की धारा 3/4/25/27 के तहत फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज किया गया है।
बरामद सामान
- एक तमंचा (.315 बोर)
- 2 जिंदा कारतूस
- 2 खोखा कारतूस
- एक अवैध चाकू
- काली रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (लूटी गई)
- ₹4,300 नकद
Also Read: कारगिल के वीरों को याद कर नम हुईं आंखें, लखनऊ छावनी में ‘स्मृतिका’ पर हुआ श्रद्धांजलि समारोह

