RO/ARO परीक्षा की तैयारियों का लखनऊ जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए अहम निर्देश
Lucknow News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बब्लू कुमार ने शनिवार को कई परीक्षा केंद्रों और चारबाग रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी ने बप्पा श्री नारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज से की। यहाँ सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस कॉलेज में 480 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे और सभी कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक हो चुकी है। इसके बाद जिलाधिकारी ने एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स पीजी कॉलेज व इंटर कॉलेज का भी दौरा किया।

प्रधानाचार्य ने बताया कि परिसर में पीजी कॉलेज और इंटर कॉलेज के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं, और प्रत्येक केंद्र में 480-480 परीक्षार्थी शामिल होंगे। यहाँ भी कक्ष निरीक्षकों की तैनाती कर बैठकें की जा चुकी हैं। इसके बाद जिलाधिकारी ने मानसरोवर योजना स्थित एमजी कान्वेंट स्कूल का भी निरीक्षण किया, जहाँ कुल 480 परीक्षार्थियों के लिए 20 कमरे आरक्षित किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर बने कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम करते पाए गए।
परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट्स और स्टेटिक मजिस्ट्रेट्स को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं आयोग और शासन के निर्देशों के अनुसार होनी चाहिए। सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। साथ ही कमरों में पर्याप्त रोशनी, पंखे, पीने का पानी, बैठने की उचित व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय सुनिश्चित किए जाएं।

चारबाग रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के बाद, जिलाधिकारी ने चारबाग रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना था कि परीक्षा देने के लिए अलग-अलग जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने स्टेशन परिसर में मोबाइल टॉयलेट, पब्लिक टॉयलेट और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन और रोडवेज के सभी बस अड्डों पर हेल्पडेस्क की व्यवस्था की जाए। इन हेल्पडेस्क पर सिविल डिफेंस, रोडवेज/जीआरपी/आरपीएफ और जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। हेल्पडेस्क पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों की लोकेशन, परीक्षा के बाद अलग-अलग जिलों को जाने वाली ट्रेनों की समय सारणी, और आस-पास के रैन बसेरों की जानकारी मिलेगी।

इसके बाद, जिलाधिकारी ने नगर निगम जोन-2 के अंतर्गत रैन बसेरा व शेल्टर होम का भी निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने नगर आयुक्त को रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास के रैनबसेरों में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और उनकी सूची हेल्पडेस्क को उपलब्ध कराने को कहा। रोडवेज के आरएम को भी सभी बस अड्डों पर पीए सिस्टम के जरिए बसों के आवागमन की रूटवार जानकारी का लगातार एनाउंसमेंट कराने का निर्देश दिया गया।
अंत में समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट्स को निर्देश दिया गया कि वे परीक्षार्थियों की वापसी के समय अपने-अपने क्षेत्र के बस अड्डों पर उपस्थित रहकर उनके सुगम प्रस्थान को सुनिश्चित करें। इस निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट, नगर निगम और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

