झारखंड के देवघर में भीषण सड़क हादसा, 18 कांवड़ियों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के देवघर में सावन महीने के दौरान कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से भरी बस एक गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 18 कांवड़ियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह दुर्घटना मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुई। हादसे में शामिल बस में 32 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।

शुरुआत में पुलिस अधिकारियों ने हादसे में 5 से 9 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में देवघर से सांसद और भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बताया कि इस हादसे में 18 श्रद्धालुओं की जान चली गई है। उन्होंने लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। बाबा बैद्यनाथ जी दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

हादसे के बाद जिला प्रशासन ने राहत व बचाव अभियान चलाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Also Read: ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में गरम बहस जारी, आज विपक्ष को करारा जवाब देंगे मोदी और शाह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.